कोटगेट रेलवे फाटक पर 15 अगस्त और सांखला फाटक पर इस साल के अंत तक बनाएं आरयूबी
*
*खाद्य मंत्री श्री गोदारा ने ली पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की बैठक, दिए निर्देश*
बीकानेर, 30 मार्च। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कोटगेट रेलवे फाटक की समस्या का 15 अगस्त और सांखला रेलवे फाटक की समस्या का समाधान इस वर्ष दिसंबर तक करने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए श्री गोदारा ने सोमवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के स्पष्ट निर्देश हैं कि बीकानेर शहरवासियों को दशकों पुरानी इस समस्या से मुक्ति मिले। इसके मद्देनजर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोटगेट रेलवे फाटक पर अंडर पास 15 अगस्त तक बन जाए। इसके लिए आवश्यक कार्यवाही अविलंब करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांखला फाटक की समस्या से भी इस साल के अंत तक आमजन को मुक्ति मिल जाए। श्री गोदारा ने कहा कि उच्च स्तर पर इसकी नियमित समीक्षा होती है। इसके मद्देनजर इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं हो। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। पीडब्ल्यूडी द्वारा जिला प्रशासन के विभागों और रेलवे के साथ समन्वय करते हुए निर्धारित समय सीमा में यह कार्य किया जाए। उन्होंने काम की गुणवत्ता को बनाए रखने का निर्देश भी दिया।
श्री गोदारा ने शहरी क्षेत्र की समस्त मुख्य सड़कों का सर्वे करते हुए इनकी मरम्मत अथवा रखरखाव के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करवाई जाएगी आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो विभाग यह सुनिश्चित करे। खाद्य मंत्री ने शहरी क्षेत्र में सतही पानी के रिचार्ज के लिए के बनाए जाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता विजय कुमार मीणा, सहायक अभियंता विनोद तंवर तथा विक्रम बिश्नोई आदि मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *

