बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह शुक्रवार को
*बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह शुक्रवार को*
बीकानेर, 12 मार्च। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न संकायों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और मेरिट प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं आईआईटी जोधपुर के निदेशक प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में दीक्षांत उद्बोधन देंगे।
कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने बताया कि इस समारोह में कुल 3380 डिग्रियों का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 23 स्वर्ण पदक तथा 166 मेरिट प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कुलगुरु प्रो. गर्ग के अनुसार, इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी को शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘विद्या वाचस्पति’ (मानद उपाधि) से सम्मानित किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, अधिकारी, विद्यार्थी, अभिभावक तथा मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *

